प्रिय पाठकों,
इस पोस्ट में आपको Latest Current Affair के बारे में अवगत कराया जा रहा हैं जो आपको General Knowledge से Update रखेगी
1.आस्ट्रेलिया बना रग्बी ओलंपिक चैंपियन
- आस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को स्वर्ण पदक मुकाबले में 24-17 से हराने के साथ ही महिला रग्बी सेवंस में पहला ओलंपिक चैंपियन बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
- रियो डी जेनेरो के डियोडोरो स्टेडियम में हुए मुकाबले में आस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हरा कर स्वर्ण अपने नाम किया। वर्ल्ड सीरीज चैंपियन आस्ट्रेलियाई टीम शुरुआत में काफी पिछड़ गई थी लेकिन फिर एमा टोनेगाटो, इवानिया पेलाइट, एलिया ग्रीन और चार्लोट कासलिक ने टीम को बढ़त दिला दी। आस्ट्रेलियाई टीम इसी के साथ ओलंपिक में पदार्पण कर रहे महिला रग्बी सेवंस मुकाबले को जीतने वाला पहला देश भी बन गया है।
2.सेबी (SEBI) ने जुर्माना अदा करने के लिए ई-भुगतान सेवा शुरू की
- बाजार नियामक सेबी (SEBI) ने जुर्माना अदा करने, निवेशकों का धन वापस लौटाने और निपटान राशि के भुगतान के लिए इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली शुरू की है.
- मौजूदा समय में सेबी डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से भुगतान स्वीकार करता है. भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड ने आज एक बयान में बताया कि यह कदम भुगतान प्रणाली को आसान बनाने में मदद करेगा.
3.आईसीसी रैंकिंग में अश्विन को पछाड़कर एंडरसन शीर्ष
- इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने एडबेस्टन टेस्ट खत्म होने के बाद जारी की गयी आईसीसी की टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में भारत के रविचंद्रन अश्विन को हटाकर दोबारा पहला स्थान हासिल कर लिया। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 141 रनों से हराकर श्रृंखला में 2-1 की लीड हासिल कर ली।
- टेस्ट मैच से पहले एंडरसन अश्विन से एक अंक से पीछे थे लेकिन अब उन्होंने अश्विन पर 12 अंकों की बढ़त हासिल कर ली। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में चार विकेट लिए। पाकिस्तान आईसीसी की टेस्ट टीम रैंकिंग में तीसरे स्थान पर है।
4.एयर इंडिया ने कश्मीर उड़ानों के टिकट रद्द करने पर शुल्क छूट अवधि बढाई
- सार्वजनिक विमानन कंपनी एयर इंडिया ने कहा कि वह अपनी श्रीनगर उड़ानों में टिकट रद्द करने या उसकी तिथि समय में किसी तरह का बदलाव करवाने पर शुल्क में छूट को 16 अगस्त तक जारी रखेगी.
- कंपनी ने कश्मीर में हालात को देखते हुए यह फैसला किया है. कंपनी ने पिछले महीने अपनी कश्मीर उड़ानों के लिए उक्त शुल्क माफ करने का फैसला किया था.
5.महाराष्ट्र: यातायात नियमों को तोड़ने वाले वाहनों पर निगरानी रखेगा ड्रोन!
- यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर नजर रखने, उनकी पहचान करने और उन पर नियंत्रण रखने के लिए महाराष्ट्र सरकार ड्रोन के इस्तेमाल पर विचार कर रही है.
- गृह राज्यमंत्री (शहरी) दीपक केसरकर ने बताया कि शुरुआत में ड्रोन को प्रायोगिक तौर पर मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर तैनात किया जाएगा.
6.प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की स्वाधीनता के 70 वर्ष के उपलक्ष्य में आज ‘याद करो कुर्बानी’ समारोह की शुरुआत
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आज़ाद की जन्मभूमि अलीराजपुर में याद करो कुर्बानी समारोह की शुरुआत करेंगे। आज़ादी के 70 वर्ष और भारत छोड़ो आंदोलन के 74 वर्ष के अवसर पर यह समारोह आयोजित किया जा रहा है।
- स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रशेखर आज़ाद की जन्मस्थली भाबरा मध्य प्रदेश के अलीराजपुर ज़िले में स्थित है। श्री मोदी आज़ाद की प्रतिमा पर मालयार्पण करने के बाद चंद्रशेखर आज़ाद की स्मृति में बनाए गए स्मारक जाएंगे और वहां से नवद्राड़ा गांव में एक जनसभा को संबोधित करेंगे
7.उत्सर्जन कम करने के लिए एनटीपीसी का सीएसआईआरओ से करार
- देश की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादक कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने कार्बन उत्सर्जन कम करने वाली प्रौद्योगिकी विकास के लिए ऑस्ट्रेलिया के कॉमनवेल्थ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (सीएसआईआरओ) के साथ करार किया है।
- एनटीपीसी ने आज जारी बयान में बताया कि ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय वैज्ञानिक संगठन एवं सबसे बड़े वैज्ञानिक उपक्रम के साथ करार से कार्बन उत्सर्जन को कम करने वाली प्रौद्योगिकी विशेषकर गैसीकरण प्रौद्योगिकी और नवीकरणीय ऊर्जा विकास के क्षेत्र में संयुक्त शोध को बढ़ावा मिलेगा।
8.दिनेश कुमार खारा एसबीआई के प्रबंध निदेशक नियुक्त
- दिनेश कुमार खारा को भारतीय स्टेट बैंक का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट प्राइवेट लि. के प्रबंध निदेशक तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी हैं।
- कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के आदेश के अनुसार मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने खारा को तीन साल की अवधि के लिए नियुक्त किया है। उनके कामकाज की समीक्षा के बाद कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ाया जा सकता है।



